नीमच। जिला अभिभाषक संघ के आंदोलन का आज गुरूवार को लगातार तीसरा दिन है। जैसा की विदित है नीमच में नए न्यायालय भवन में वकीलों द्वारा उचित बैठक व्यवस्था ना होने की बात को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। वकीलों का कहना है कि नए न्यायालय भवन में वकीलों और पक्षकारों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं है। पेयजल व्यवस्था, शौचालय व्यवस्था, महिलाओं के लिए टॉयलेट आदि व्यवस्थित ढंग से ना होने को लेकर वकीलों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
इसी बीच आज नीमच के विधायक दिलीप सिंह परिहार नए कोर्ट भवन परिसर के बाहर धरना स्थल पर वकीलों के बीच पहुंचे। उन्होंने जिला अभिभाषक संघ के पदाधिकारी और वकीलों से चर्चा की। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मैंने वकीलों की समस्याओं को सुना है। वकीलों की जो भी मांगे है, उनके समाधान के लिए यथा स्थान पर बात की जाएगी। जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष मनीष जोशी ने कहा कि जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाती, हमारा आंदोलन अहिंसा वादी और गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा। आगामी दिनों में हम क्रमिक भूख हड़ताल पर भी जा सकते हैं।