नीमच। जिले के कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम भदवा के युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे दुर्घटना के बाद गंभीर हालत में मंगलवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उक्त युवक ने आज गुरूवार को दम तोड़ दिया।
आपकों बता दें कि हादसे के समय युवक बाइक पर था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक की पहचान भदवा निवासी कंवरलाल गुर्जर (35) के रूप में हुई है। परिजन उसे तुरंत नीमच के कर्णावती स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां दो दिन तक चले इलाज के बाद आज गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंवरलाल एक अप्रैल को किसी काम से चचोर गया था। रात में वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। एंबुलेंस से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई। मृतक के शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय में परिजनों की मौजूदगी में किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

रामपुरा थाना प्रभारी राधेश्याम दांगी ने बताया कि अभी इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। हादसे के बाद परिजन सीधे अस्पताल चले गए थे। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।