नीमच। शहर में अभिभाषकों के आंदोलन को विभिन्न समाजों, संस्थाओं और संगठनों का भारी समर्थन मिल रहा है। आज जिला अभिभाषक संघ के आंदोलन को समर्थन देने के लिए ज्ञान मंदिर विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विवेक नागर नए न्यायालय भवन परिसर के बाहर धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष मनीष जोशी को महाविद्यालय की ओर से आंदोलन के प्रति अपना समर्थन पत्र सौंपा।
डॉ. विवेक नागर ने कहा कि बार और बैंच के संबंध मधुर होना चाहिए। जिला अभिभाषक संघ की मांग बैठक व्यवस्था को लेकर न्यूनतम जगह की है। वहीं जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष एडवोकेट मनीष जोशी ने कहा कि उचित बैठक व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लेकर हमारी मांगे जायज है। हमें उम्मीद है कि हमारे संघर्ष को अंततः जीत मिलेगी। बताते चले कि आज नीमच में जिला अभिभाषक संघ के आंदोलन का पांचवा दिन है। जिला अभिभाषक संघ के तत्वाधान में वकीलों ने उचित बैठक व्यवस्था की मांग को लेकर नए न्यायालय भवन का बहिष्कार कर रखा है।