मनासा। रविवार को ग्राम देवरी खवासा स्थित प्राचीन चार भुजा नाथ मंदिर में चैत्र शुक्ल नवमी के पावन अवसर पर राम नवमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। मंदिर को फूलों, रंग-बिरंगी झालरों व विद्युत सज्जा से आकर्षक रूप से सजाया गया। विशेष पूजन-अर्चन, हवन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात भगवान श्रीराम की भव्य झांकी सजाई गई। दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मोत्सव की आरती कर महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्ति संगीत, भजनों व कीर्तन से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा।