नीमच। शहर में इस्कॉन मंदिर पर भगवान श्रीरामचंद्र का प्राकट्य दिवस रामनवमी पर्व हर्षाेल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाअभिषेक के साथ हुई। इस्कॉन मंदिर पर श्रीरामनवमी महोत्सव देर रात तक चला। इस दौरान भगवान की महाआरती, छप्पन भोग, मनमोहक श्रृंगार किया गया। साथ ही नन्हे बालक-बालिकाओं द्वारा एक नाटक के माध्यम से भगवान श्रीरामचंद्र के प्राकट्य पर शानदार प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में बताया गया है कि कैसे राजा दशरथ ने अपने गुरु के माध्यम से अग्निदेव के सामने प्रार्थना करके श्रीरामचंद्र को प्राप्त किया।
श्रीराम नवमी महोत्सव की खुशी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जब हरे कृष्ण महामंत्र, रघुपति राघव राजा राम जैसे संकीर्तन भजन प्रस्तुत किए गए तो भक्त नृत्य करते हुए जयकारे लगाते रहे। इस्कॉन मंदिर की खास बात रही कि यहां जो भक्त आया उसे भगवान श्रीरामचंद्र का महाअभिषेक करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के अंत में भगवान को अर्पित महाप्रसादी का वितरण किया गया।