छतरपुर। यादव समाज ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। छतरपुर सीएसपी अमन मिश्रा मौके पर पहुंचे और समाज का ज्ञापन लेकर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। समाज का आरोप है कि नौगांव थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के खिलाफ राजनीतिक रंजिश के चलते झूठा मामला दर्ज किया गया है। समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नाम एफआईआर से हटाने की मांग की है।
विगत 9 अप्रैल को नौगांव थाना अंतर्गत लुगासी चौकी में ग्राम झींझन निवासी देवेन्द्र यादव को किसी कार्य से पुलिस ने बुलाया था। उसी दौरान झींझन गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसकी एफआईआर नौगांव थाना में दर्ज की गई। हैरानी की बात यह है कि एफआईआर में देवेन्द्र यादव का नाम भी शामिल कर दिया गया, जबकि विवाद के समय वह पुलिस चौकी में मौजूद था।
मामला पूरी तरह से राजनीतिक द्वेष भावना का परिणाम है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और देवेन्द्र यादव का नाम एफआईआर से हटाया जाना चाहिए। सीएसपी अमन मिश्रा ने समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार विधिवत कार्रवाई की जाएगी।