गरोठ। नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट बदली और आसमान में बादल छा गए। देखते ही देखते शाम करीब 5.30 बजे तेज आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया जो लगभग 30 मिनट तक जारी रहा। बताया गया है कि इस अप्रत्याशित बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी फसलें बारिश और तेज हवा से बर्बाद हो गईं। तेज आंधी के कारण कई पेड़ जड़ से उखड़ गए। मौसम विभाग ने आज भी एमपी के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान-
बरखेड़ा, लोया, कुंडलिया और जोड़ना सहित कई गांवों में पानी गिरा। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई। क्योंकि अभी कई गांवों में गेंहूू की फसल खड़ी है। साथ ही कई जगह पर तो फसल कटकर रखी थी। बारिश से फसल खराब होने की संभावना है। अभी भी आसमान में बादल छाए हैं। इस बारिश ने क्षेत्र के मौसम को अचानक बदल दिया। हालांकि, इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है।