नीमच। माता महारानी के जन्मोत्सव पर कुचबंदिया गिहारा समाज द्वारा आज विशाल और भव्य चलसमारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुचबंदिया समाजजन महिला और पुरुष उत्साह के साथ चल समारोह में शामिल हुए। डीजे, ढोल पार्टी और माता जी के जयकारों के साथ चल समारोह विनोबा गंज गरीब मोहल्ले से प्रारंभ होकर घंटाघर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार, फ़ोर जीरो,कमल चौक, फव्वारा चौक और शहर के मुख्य मार्ग से होता हुआ पुनः गरीब मोहल्ला पहुंचकर समाप्त हुआ।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नीमच में माता महारानी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस तीन दिवसीय आयोजन में शामिल होने के लिए समाजजन भारतवर्ष के कोने-कोने से सम्मिलित हुए हैं। कल महू रोड स्थित माता रानी के मंदिर पर हवन पूजन और प्रसादी का कार्यक्रम होगा। माता रानी के मंदिर के बारे में यह मान्यता है कि कुलदेवी के दरबार में मांगी हुई मन की हर मुराद पूरी होती है। 12 मई को समाज जनों के सम्मान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।आज चल समारोह के शुभारंभ अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष चोपड़ा, पार्षद राकेश सोनकर, अभिषेक कोठारी बतौर अतिथि उपस्थित रहे।