रतलाम। राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा मंच के तत्वाधान मे देश के वीर सैनिकों का आत्मबल बढ़ाने के लिए 15 मई आज (गुरुवार) रतलाम में तिरंगा रैली निकाली जाएगी। यह रैली पैलेस से प्रारंभ होगी। पिछले तीन से चार दिन से तैयारियां की जा रही हैं।
रैली संयोजक पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने बताया कि गुरुवार शाम 5.30 बजे तिरंगा रैली पैलेस से शुरू होगी। यहां से डालू मोदी बाजार, गणेश देवरी, बजाज खाना, तोपखाना, चांदनी चौक, चौमुखीपुल होते हुए घास बाजार पर भारत माता की आरती के साथ समापन होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, रैली सहसंयोजक निर्मल कटारिया एवं विप्लव जैन समेत मंच द्वारा शहरवासियों, नगर के सभी समाजों, संस्थाओं एवं संगठनों से रैली में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों ने रैली में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आह्वान किया है।