नीमच। शहर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 पर अतिथि शिक्षकों के वेरिफिकेशन के लिए बड़ी संख्या में आवेदक परेशान हो रहे है। वेरिफिकेशन के लिए पहुंचे महिला और पुरुष घंटों तक यहां खड़े रहे लेकिन उनका काम नहीं हो पा रहा। आवेदकों का कहना है कि हम पिछले तीन दिनों से धक्के खा रहे हैं लेकिन स्टाफ द्वारा टालमटोल की जा रही है। रोज अगले दिन आने का कहा जाता है। टोकन देने के बावजूद सत्यापन नहीं किया जा रहा। निर्धारित समय 12 बजे से 3 बजे का नोटिस चस्पा किया गया है, बावजूद इस समय अवधि में हमारा काम नहीं किया जा रहा। अन्य सेंटर पर जाने को कहा जाता है। हम जब वहां पहुंचते हैं तो वहां भी सत्यापन करने से मना कर दिया जाता है।