सतवास। शनिवार रात मेले के दौरान दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला एक पक्ष के घर तक जा पहुंचा। वार्ड क्रमांक 6 निवासी विक्रम सोलंकी (24) के साथ विशेष समुदाय के कुछ युवकों ने घर में घुसकर मारपीट की। इस दौरान परिजनों, दादी और बहन से भी झूमाझटकी हुई। परिजनों के अनुसार, एक गर्भवती युवती से भी मारपीट की गई है।
घटना के विरोध में आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में सतवास थाने पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। एसडीओपी आदित्य तिवारी ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद समाज शांत हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मेले में दुकान लगाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।