भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को राजधानी भोपाल आएंगे। महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम शामिल होंगे। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सीएम डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में बैठक ली।
महिला सशक्तिकरण पर केन्द्रित होगा कार्यक्रम
भोपाल में होने वाला कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण पर केन्द्रित होगा। इस समारोह में केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई योजनाओं और महिलाओं के जीवन में आए बदलावों की झलक देखने को मिलेगी।
इंदौर मेट्रो को दिखा सकते हैं हरी झंडी
पीएम मोदी इंदौर मेट्रो को वर्चुअली हरी झंडी दिखा सकते हैं। इंदौर में प्रायोरिटी कॉरिडोर पर गांधी नगर से स्टेशन नंबर 3 के बीच फिलहाल मेट्रो चलाई जाएगी। हालांकि इंदौर में मेट्रो के कॉमर्शियल रन की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
सीएम ने ली मंत्रियों-अफसरों की बैठक
पीएम मोदी के भोपाल दौरे को देखते हुए सीएम डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में बैठक की। इस बैठक में मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, राव उदय प्रताप सिंह और तमाम विभागों के एसीएस और पीएस मौजूद थे।
21 मई से शुरू हो रहा है बीजेपी का अहिल्याबाई पर केन्द्रित अभियान
इंदौर के होल्कर वंश की रानी अहिल्याबाई की 300वीं जन्म जयंती के मौके पर उनकी विरासत का बखान करने के साथ ही बीजेपी समावेशी सुशासन का प्रचार करेगी। इसे लेकर बीजेपी एक अभियान शुरू करने जा रही है। 21 से 31 मई के बीच यह अभियान चलाया जाएगा। 31 मई को अहिल्याबाई की 300वीं जयंती प्रदेश भर में मनाई जाएगी।
इस दौरान बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता अहिल्याबाई के जीवन मूल्य और वीरता के साथ उनके दूरदर्शी शासन, सामाजिक सुधार, समावेशी शासन और मंदिरों के जीर्णाेद्धार के जरिए सांस्कृतिक पुनर्जागरण के बारे में जनता के बीच जाकर चर्चा करेंगे। अहिल्याबाई के साथ ही बीजेपी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सामाजिक सुधार, समावेशी विकास और श्विकास भी और विरासत भीश् के संकल्प को जनता के बीच बताएगी।