रतलाम। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विक्रम यूनिवर्सिटी का बड़ा कारनामा सामने आया है। विश्वविद्यालय ने रतलाम जिले की 30 छात्राओं को एक ही सब्जेक्ट में शून्य अंक दिए। ऐसे में परेशान छात्राओं ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर से गुहार लगाई है।
दरअसल, यह पूरा मामला शहर के गर्ल्स कॉलेज का है। बीकॉम फाइनल ईयर की 30 छात्राओं को इंडियन इकोनॉमिक्स सब्जेक्ट में शून्य अंक दिया गया है। इस सब्जेक्ट के पेपर में सभी को अनुपस्थित बताया गया है। जबकि छात्राओं का कहना है कि सभी ने एक ही कमरे में परीक्षा दी थी। वहीं अब कॉलेज प्रबंधन उन्हें पूरक परीक्षा देने के लिए कह रहा है।
ऐसे में अब सभी छात्राओं ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर रिजल्ट सुधारने कि मांग की है। इस मामले में अपर कलेक्टर ने कॉलेज के प्रिंसिपल को तलब किया। प्रिंसिपल का कहना है कि यूनिवर्सिटी के जिम्मेदारों से बात कर मामले को सुलझाया जाएगा।
इस लापरवाही के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर कॉपियां जांचने में इतनी बड़ी गलती कैसे हो सकती है? अगर कोई छात्रा आत्मघाती कदम उठा लेती तो इसका जिम्मेदार कौन होता।