देवास। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार बेसहारा बच्चों को कानूनी पहचान प्रदान करने और सामाजिक कल्याण तक उनकी पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से ’’साथी’’ नामक एक अभियान 05 अगस्त 2025 तक चलाया जाएगा। अभियान अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला प्रशासन के समन्वय से 18 वर्ष से कम आयु के निराश्रित बच्चे जिनके पास परिवार का समर्थन, संरक्षकता या आश्रय, सुरक्षा और देखभाल का कोई स्थिर स्रोत नहीं है ऐसे बच्चों का सर्वेक्षण और पहचान कर उनके आधार कार्ड बनवाए जा रहे है।
प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजय प्रकाश मिश्र द्वारा ‘’साथी’’ अभियान के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास रोहित श्रीवास्तव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास में समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में निराश्रित बच्चों का सर्वे कर जिनके आधार कार्ड नहीं बने उनके जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड बनवाने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक में तहसीलदार ग्रामीण देवास पूजा भाटी, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश नागर, जिला शिक्षा अधिकारी हरिसिंह भारती, प्रभारी महिला सुरक्षा बबीता बामनिया, पी.ओ. महिला एवं बाल विकास विभाग संदीप किरार, प्रबंधक जिला ई गवर्नेंस मनोज भिलाला, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड चेतना राठौर, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति सीमा यादव, बाल कल्याण समिति सदस्यगण वीणा महाजन, रूचिता तिवारी, स्वाति श्रीवास्तव, रितु तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता ज्योति राय, आउटरीच वर्कर योगेश कुमार, पैरालीगल वालेंटियर उषा फूलमाली उपस्थित थे।