मंदसौर। जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर महिला मित्र के साथ अश्लील हरकतें करने और डांस करने वाले भाजपा नेता मनोहर धाकड़ को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मनोहर धाकड़ ने भानपुरा थाने में जाकर सरेंडर किया है। इसके बाद उसे पुलिस ने हिरासत में लिया।

एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि आरोपी मनोहर धाकड़ को धारा 151 के तहत गरोठ उप जेल भेजा गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कुछ खास जानकारी पुलिस को नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है, इसमें जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगा।

भाजपा नेता का वीडियो वायरल होने को लेकर पुलिस ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों को नोटिस भेजा है। जिसमें कर्मचारियों के संबंध में सूचना मांगी गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो वायरल करने में जिन कर्मचारियों की संलिप्तता होना पाई जाएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ये भी जांच कर रही है कि वीडियो बनाने और सार्वजनिक करने के पीछे मकसद क्या था और इसमें और कौन-कौन शामिल था। बता दें कि वीडियो सामने आने के बाद 23 मई को मंदसौर के भानपुरा थाने में मनोहर धाकड़ और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बात दें कि भाजपा नेता मनोहर धाकड़ के दो वीडियो सामने आए थे। 13 मई की रात में एक वीडियो में वह महिला मित्र के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखा था, जबकि दूसरे वीडियो में एक्सप्रेस-वे पर ही उसके साथ डांस करता नजर आया था।

भाजपा नेता मनोहर धाकड़ ने भानपुरा थाने में सरेंडर किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। जब उसे जेल भेजा जा रहा था तो चेहरे पर नकाब पहनाया। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। सामान्यतः जब किसी आरोपी की शिनाख्त परेड करानी हो या उसकी पहचान छिपानी हो तब उसे नकाब पहनाया जाता है। इस मामले में सब कुछ स्पष्ट है। बावजूद आरोपी को नकाब पहनाया गया।
