नीमच। जिले के इतिहास में 2 जून सोमवार को राजपूत समाज का एक भव्य ऐतिहासिक महासम्मेलन एवं शौर्य यात्रा का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन महाराणा प्रताप जयंती (29 मई) के उपरांत, अत्यंत गौरवशाली रूप में सम्पन्न होगा।
इस ऐतिहासिक समारोह में मेवाड़, उदयपुर के महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़ एवं महारानी महिमा कुमारी जी मेवाड़ मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगे। इनके साथ सलूम्बर के महाराज देवव्रत सिंह एवं भिंडर के महाराज रणधीर सिंह भिंडर भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस भव्य कार्यक्रम में नीमच जिले सहित चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, उदयपुर, प्रतापगढ़, रतलाम, मंदसौर एवं झालावाड़ जिलों से हजारों की संख्या में राजपूत सरदार भाग लेंगे।
शौर्य यात्रा की रूपरेखा-
कार्यक्रम का शुभारंभ 2 जून को प्रातः महाराणा प्रताप चौराहा (स्पेंटा पंप, ग्वाल टोली चौराहा) से माल्यार्पण के साथ होगा। इसके पश्चात एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जो नीमच सिटी रोडवेज डिपो, बरादरी, टैगोर मार्ग होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां आमसभा का आयोजन किया जाएगा।
आमंत्रण एवं सहभागिता-
आयोजकों द्वारा जिले के हर नगर, कस्बे और ग्राम में घर-घर जाकर पीले चावल देकर सभी राजपूत समाज बंधुओं को शौर्य यात्रा में आमंत्रित किया गया है।
प्रमुख अतिथि एवं वक्ता-
नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार
मंदसौर के पूर्व विधायक यशपाल सिंह
शिव, बाड़मेर विधायक रविंद्र सिंह भाटी
चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह
प्रख्यात इतिहासकार ओमेन्द्र सिंह रतनु
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि-
1984 के बाद यह पहला अवसर है, जब मेवाड़ राजघराने से महाराणा इस प्रकार किसी जिले के कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। 1984 में महाराणा महेंद्र सिंह जी की उपस्थिति के बाद यह ऐतिहासिक अवसर पुनः प्राप्त हो रहा है।
विशेष आग्रह-
आयोजकों ने सभी राजपूत सजातीय बंधुओं से अनुरोध किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पारंपरिक राजपूती वेशभूषा में दृ सफेद कुर्ता-पायजामा एवं केसरिया साफा पहनकर दृ इस गौरवशाली शौर्य यात्रा में सम्मिलित हों।