चीताखेड़ा। परम पूज्य आचार्य श्री जगतचंद्रसूरीश्वर जी म.सा. की आज्ञानुवर्तिनी पूज्य साध्वी श्री सुमलया श्री जी म.सा. की शिष्या, पूज्य साध्वी श्री शासन ज्योति श्री जी म.सा., पूज्य साध्वी श्री दीक्षित प्रभा श्री जी म.सा. एवं पूज्य साध्वी श्री मैत्रीरत्ना श्री जी म.सा. आदि ठाणा-3 की पावन निश्रा में, जिनशासन के 20वें तीर्थंकर श्री मुनि सुव्रत स्वामी जिनालय, चीताखेड़ा के शिखर पर 23वां वार्षिक ध्वजारोहण महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।
ध्वजा यात्रा का शुभारंभ रविवार को हुआ, जिसमें भव्य बैण्ड-बाजों और ढोल-धमाकों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से वरघोड़ा निकाला गया। इस शोभायात्रा में सबसे आगे श्री संघ के पदाधिकारी चल रहे थे, उनके पीछे लाभार्थी राजेश चौधरी परिवार, ध्वजा को शिरोधार्य किए हुए श्रद्धा भाव से चल रहे थे। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और अक्षत की गऊली से पूजन कर धर्मलाभ लिया।
वरघोड़े में भगवान आदिनाथ जी का विग्रह विशेष विमान में विराजमान कर निकाला गया। श्रावक-श्राविकाएं जैन गीतों पर झूमते, नाचते हुए ष्जय जिनेन्द्रष् के जयकारों के साथ प्रभु की भक्ति में लीन नजर आए। शोभायात्रा श्री मुनि सुव्रत स्वामी जिनालय से प्रारंभ होकर माणक चौक स्थित श्री चंद्रप्रभ जिनालय, जैन गली, बस स्टैंड, जैन दादावाड़ी एवं सदर बाजार होते हुए पुनः श्री जिनालय पहुंची।
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत सुबह नवकारसी से हुई। इसके पश्चात जिनालय में स्नात्र पूजन एवं सत्तर भेदी महापूजा संपन्न हुई, जिसमें विधिकारक भाटखेड़ा के सुनील जैन द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा करवाई गई।
मंत्रोच्चार एवं विधिविधानपूर्वक श्री मुनि सुव्रत स्वामी जिनालय के शिखर पर नवीन ध्वजा का चढ़ावा लाभार्थी राजेश चौधरी परिवारकृराजेश-श्रीमती मंजू, अंकित-श्रीमती भारती, अमित-श्रीमती अंजलि, शुभम्-श्रीमती रानू तथा याशिका, तन्मय, रियांशी, गर्वित, हितांशीकृद्वारा किया गया।
ध्वजारोहण उपरांत आयोजित धर्मसभा में पूज्य साध्वी श्री शासन ज्योति श्री जी म.सा. ने धर्म लाभ की महिमा बताते हुए कहा, “जो भी व्यक्ति ध्वजारोहण का पुण्य प्राप्त करता है, उसकी कीर्ति चारों दिशाओं में फैलती है। यह पुण्य कार्य जीवन में एक बार अवश्य करना चाहिए, जिससे इंद्र तुल्य सुखों की प्राप्ति होती है।”
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक साधार्मिक वात्सल्य का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने सहभागिता कर पुण्य का लाभ लिया। इस भव्य आयोजन में श्री संघ के पदाधिकारी, लाभार्थी परिवार एवं अनेक श्रद्धालु समाजजन उपस्थित रहे।