नीमच। शहर में बीती शाम औषधि के व्यापारी के गोदाम में भीषण आग लग गई। आगजनी की घटना के कारण करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना उपनगर बघाना में सादड़ी रोड स्थित आनंद भंडार परिसर के औषधि व्यापारी के गोदाम की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भीषण आग को बुझाने के लिए आधा दर्जन से ज्यादा फायरफाइटर बुलाए गए। पानी के टैंकर आए। जेसीबी से सामान को हटाने की मशक्कत की गई। देर रात तक आग पर काबू पाने की जद्दोजहद चलती रही। आग लगने के कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि पड़ोस में वेल्डिंग का काम चल रहा था। जिसकी चिंगारी से संभव है कि यह घटना घटित हुई हो। गोदाम में अश्वगंधा और अन्य प्रकार की सूखी औषधियां रखी हुई थी। गोदाम मालिक परिवार के सदस्यों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले हुए थे। घटना के समय वह नीमच में मौजूद नहीं थे।
