मंदसौर। विधायक विपिन जैन के नेतृत्व में शिवना नदी के शुद्धिकरण का अभियान निरंतर जारी है। पशुपतिनाथ महादेव मंदिर के पास स्थित छोटी पुलिया की रपट और घाट की सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अभियान के 33वें दिन, सोमवार को 5 ट्रॉली गाद, कचरा और झाड़ियां हटाई गईं। अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 363 ट्रॉली कचरा निकाला जा चुका है। सफाई और रंग-रोगन के बाद शिवना घाट का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। स्थानीय नागरिक श्रमदान कर रहे लोगों के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।
50 से अधिक लोगों ने किया श्रमदान-
इस सफाई अभियान में विधायक विपिन जैन के साथ पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी, गायत्री परिवार के सदस्य, महिला कार्यकर्ता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित 50 से अधिक लोगों ने श्रमदान किया। विधायक जैन ने कहा कि शिवना को स्वच्छ और पवित्र बनाए रखना सभी शिव भक्तों का कर्तव्य है। उनका उद्देश्य है कि पशुपतिनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और निर्मल शिवना नदी के दर्शन हों।
2021 में मशीनों से हुई थी सफाई-
यह श्रमदान शिविर 1 मई से पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र में चल रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में भी मशीनों के माध्यम से शिवना नदी की सफाई की गई थी। उस समय जलकुंभी को पूरी तरह हटाने का दावा किया गया था। हालांकि कुछ समय बाद ही नदी में पुनः जलकुंभी फैल गई, जिससे नदी का जल दूषित हो गया और आमजन को इसका प्रभाव झेलना पड़ा।