रतलाम। एसपी अमित कुमार ने तीन पुलिस थानों का दौरा किया। उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था और लंबित अपराधों की जानकारी ली। एसपी ने फरियादियों की सभी शिकायतों को गंभीरता के साथ सुनने की हिदायत देकर कर संतुष्टिपूर्वक निराकरण के निर्देश दिए।
एसपी अमित ने कहा कि थाने पर आने वालों के साथ पुलिस अधिकारी अच्छा व्यवहार करें। हरसंभव मदद करने की कोशिश करें। उन्होंने बिलपांक पुलिस थाना, माणकचौक पुलिस थाना व स्टेशन रोड थाने का अचानक निरीक्षण किया।
अधिकारियों-कर्मचारियों की सुनी समस्या
वो सबसे पहले बिलपांक थाने पहुंच कर टीआई अयूब खान और थाना स्टाफ से थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था एवं लंबित अपराध के बारे में जानकारी ली। एसपी ने थाना परिसर का दौरा करते हुए हवालात, शस्त्रागार, रिकॉर्ड रूम को देखा। ड्यूटी पर उपस्थित अधिकारी से थाने का रिकॉर्ड, ड्यूटी रजिस्टर, एफआईआर, शिकायत आदि रिकॉर्ड को देखा। एसपी ने इस दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की समस्या सुनी।
विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
एसपी ने टीआई खान को आगामी त्योहारों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने व सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस बल को रात्रि गश्त करने के लिए जरुरी दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने थाना हवालात चेक किया। हवालात में साफ सफाई रखने, बंदी की खाने पानी की व्यवस्था का जायजा लिया। सुरक्षा के मापदंड देखे।
एसपी ने स्टेशन रोड थाना व माणकचौक थाने में थाना प्रभारी स्वराज डाबी एवं माणक चौक टीआई अनुराग यादव के साथ निरीक्षण किया। लंबित शिकायतों एवं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की।
अपराधियों पर करें कड़ी कार्रवाई
एसपी ने शहर के थाना प्रभारियों को आदतन अपराधियों, हिस्ट्री शीटर, गुंडा बदमाशों पर नजर रखने एवं अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त होने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बच्चों के साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।