छतरपुर। जिले में भारी बारिश के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच, छतरपुर विधायक ललिता यादव पीड़ितों की मदद के लिए खुद मैदान में उतर आई हैं।
रोरा और दलोन गांव में पड़रिया बांध टूटने से पानी भर गया, जिससे करीब 30 लोग, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, बाढ़ के पानी में फंस गए। सूचना मिलते ही विधायक ललिता यादव तुरंत मौके पर पहुंचीं।
रात भर बरसते पानी के बीच, विधायक यादव ने एसपी और कलेक्टर की मौजूदगी में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व किया। उनकी सक्रिय भूमिका से इन सभी 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
अभी भी जिले में बारिश का कहर जारी है और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। विधायक ललिता यादव रात में भी मौके पर रहकर लोगों को राहत पहुँचाने के प्रयासों में जुटी हुई हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।