रायसेन-भोपाल रोड पर स्थित लोकप्रिय महादेव पानी झरने पर जिला प्रशासन ने पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। वहीं सलामतपुर क्षेत्र के मिनी पचमढ़ी कहा जाने वाला झरना पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। पर्यटक यहां नहाने पहुंच रहे हैं और चट्टानों से कुंड में छलांग लगा रहे है।
महादेव पानी झरने पर रोक लगाने का निर्णय दो साल पहले हुई दुर्घटना के बाद लिया गया। मूसलाधार बारिश के कारण गोपीघाट के रपटे पर आए पानी में हजारों पर्यटक फंस गए थे। पहाड़ियों पर बैठे 20-25 लोग तेज बहाव में बह गए थे, जिसमें भोपाल के दो लोगों की मौत हो गई थी।
वन विभाग के कर्मचारी और पुलिस कर्मी तैनात
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सेहतगंज के पास महादेव पानी जाने वाले मार्ग पर नाका बनाया है। वन विभाग के कर्मचारी और पुलिस कर्मी यहां तैनात हैं, जो पर्यटकों को वापस लौटा रहे हैं। वन विभाग के एसडीओ सुधीर पटले के अनुसार, प्रतिबंध इस साल भी जारी है।