खरगोन। शासन स्तर पर शिक्षकों के लिए शुरु की गई ई- अटेंडेंस व्यवस्था सहित अपनी 11 सुत्रीय मांगों को लेकर रविवार को आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने एकजुटता दिखाई। जिला मुख्यालय पर एकत्रित हुए शिक्षकों ने गायत्री मंदिर तिराहे से स्वाभिमान रैली निकाली, नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि ज्ञापन में बताया कि प्रदेश सरकार ने ई.अटेंडेंस केवल शिक्षकों पर लागू कर पक्षपात किया है। केवल शिक्षकों पर इसे थोपना गलत है। इससे शिक्षकों के सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंच रही है। इसे प्रदेश के अन्य विभागों के अधिकारी- कर्मचारियों पर भी लागू किए जाने सहित राज्य एवं केंद्र के अन्य कर्मचारियों की भांति पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने की मांग की है।