मनासा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) इकाई मनासा द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ABVP मालवा प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री संदीप वैष्णव रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में पर्यावरण मित्र संस्था के संस्थापक आनंद मानवत, नगर अध्यक्ष सुलेख बाहेती एवं नगर मंत्री आदित्य पोरवाल मंचासीन रहे।
समारोह में मनासा नगर के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संदीप वैष्णव ने कहा, "विद्यार्थी जीवन केवल सफल नहीं, सार्थक भी होना चाहिए।" उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद अपने 77वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और स्थापना काल से ही राष्ट्रध्वज तिरंगा, राष्ट्रगान 'वंदे मातरम्' एवं राष्ट्रभाषा हिंदी की पैरवी करती आ रही है।
उन्होंने आगे कहा, “अब वक्त है कि बच्चों को A for Apple, B for Ball की जगह A for Ambedkar, B for Bhagat Singh, C for Chandrashekhar Azad पढ़ाया जाए, ताकि वे देश के महापुरुषों से प्रेरणा लें।”
विशेष अतिथि आनंद मानवत ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी परिषद प्रतिभाओं का संगम है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पॉलिथीन और प्लास्टिक का प्रयोग कम करें, जिससे पर्यावरण के साथ गौ माता की भी रक्षा की जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को सीड बॉल वितरित की गईं और उनसे आग्रह किया गया कि वे इन्हें अपने घर या आसपास के क्षेत्र में रोपित करें।
कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्वागत भाषण नगर अध्यक्ष सुलेख बाहेती ने दिया, आभार नगर मंत्री आदित्य पोरवाल ने माना और संचालन शुभम ग्वाला ने किया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।