उज्जैन। श्रावण मास में श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति ने पैदल चलकर आने वाले कावड़ यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था की है। यह सेवा इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी शनि मंदिर के पास शुरू की गई है, जहां दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक यात्रियों को खाना दिया जा रहा है।
यह खाना श्री महाकाल मंदिर के अन्नक्षेत्र में तैयार किया जाता है। भगवान महाकाल को भोग लगाने के बाद भोजन वाहनों के जरिए स्टॉल तक पहुंचाया जाता है। यात्रियों को सूखी सब्जी, पूरी और एक मीठा व्यंजन दिया जा रहा है। सोमवार को व्रत रखने वाले यात्रियों को फलाहारी खिचड़ी और चिप्स भी दिए जाते हैं। अन्नक्षेत्र प्रभारी मनीष तिवारी ने बताया कि यह व्यवस्था मंदिर समिति के अध्यक्ष कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के निर्देश और प्रशासक प्रथम कौशिक के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। यह सेवा पूरे श्रावण मास चलेगी।
अधिकतर कावड़ यात्री इंदौर रोड की तरफ से उज्जैन में प्रवेश करते हैं, इसलिए वहां भोजन का स्टॉल लगाया गया है। मंदिर परिसर में आने वाले भक्तों के लिए पहले की तरह कूपन लेकर अन्नक्षेत्र में भोजन की सुविधा भी जारी है।