इंदौर। अखिल भारतवर्षीय नाथ समाज के प्रदेश महासचिव लेखराज जोगी ने इंदौर सांसद शंकर लालवानी से मुलाकात कर समाज की दो प्रमुख मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। यह मुलाकात सांसद कार्यालय पर संपन्न हुई। प्रमुख मांगों में पहली मांग है कि इंदौर शहर में योगाचार्य गुरु गोरखनाथ जी के नाम पर एक फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण किया जाए, जिसे योग सेतु नाम दिया जा सकता है। जोगी ने कहा कि इससे न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि नाथ संप्रदाय की गौरवशाली परंपरा को भी सम्मान मिलेगा।
दूसरी मांग इंदौर-जयपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12973/12974) के चौथ का बरवाड़ा रेलवे स्टेशन पर ठहराव से जुड़ी है। वर्तमान में यह ट्रेन रात्रि 10रू45 बजे चौथ का बरवाड़ा स्टेशन को बिना रुके पार कर जाती है और 11रू00 बजे सवाई माधोपुर पहुंचती है। लेखराज जोगी ने बताया कि इंदौर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चौथ माता के दर्शन के लिए जाते हैं, जिन्हें सवाई माधोपुर उतरकर बस से चौथ का बरवाड़ा जाना पड़ता है। यदि ट्रेन का ठहराव चौथ का बरवाड़ा स्टेशन पर हो जाए, तो यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और यात्रा अधिक सहज हो जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इस ठहराव से श्रद्धालु दिन में माता के दर्शन कर उसी ट्रेन से रात में वापस लौट सकेंगे। सांसद शंकर लालवानी ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि वे इन दोनों मांगों को उचित स्तर पर उठाएंगे और चौथ माता जी के दर्शन को सरल व सुलभ बनाने के लिए आवश्यक प्रयास करेंगे।