राजगढ़। ब्यावरा की ओर आ रही साईं कृपा ट्रेवल्स की यात्री बस को नेशनल हाईवे 52 पर बामलाबे जोड़ के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ जब बस सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के कारण धीमी हो गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस खाई में पलट गई।
हादसे में बस चालक छोटूलाल मेवाड़ा (50 वर्ष), निवासी राजगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। इनमें से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को खबर दी। सभी घायलों को ब्यावरा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को भोपाल भेजा गया।
घायलों को देखने पहुंचे राज्यमंत्री
बस हदसे की जानकारी मिलने ओर में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार सिविल अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायलों से बात भी की। इस मौके पर मौजूद चिकित्सकों को उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम गीतांजलि शर्मा भी मौजूद रही।
यात्री रोज की तरह ड्यूटी के लिए जा रहे थे
बस में सवार ज्यादातर यात्री बिजली वितरण कंपनी में आउटसोर्सिंग कर्मचारी थे, जो राजगढ़ से प्रतिदिन अपडाउन कर ब्यावरा ऑफिस आते-जाते थे।
हादसे की खबर मिलने पर विद्युत वितरण कंपनी के उप महाप्रबंधक प्रहलाद क्षेत्रे सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर कर्मचारियों की स्थिति की जानकारी ली।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल बंजारे ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार कंटेनर के ब्रेकर पर भी गति कम न करने से हुआ। बस चालक ने ब्रेकर के कारण वाहन की रफ्तार धीमी की थी, तभी पीछे से आए कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी।
ड्राइवर छोटूलाल मेवाड़ा बस के नीचे दब गए
बस के पलटने से ड्राइवर छोटूलाल बस के नीचे दब गया था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि राजगढ़ से ब्यावरा के बीच अनावश्यक स्पीड ब्रेकरों की संख्या अधिक है और इन्हीं की वजह से इस तरह के हादसे आए दिन होते हैं।