नीमच। पूज्य श्री चालीहा साहिब का चालीस दिवसीय पर्व चालीहा महोत्सव–2025 का ऐतिहासिक शंखनाद बुधवार को श्री झूलेलाल बहराणा समिति एवं विश्व सिंधी सेवा संगम की मुख्य शाखा के संयुक्त तत्वावधान में हर्षोल्लास से हुआ। विकास नगर स्थित श्री झूलेलाल मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री झूलेलाल जी का पंचामृत से अभिषेक कर मनोहारी श्रृंगार किया गया।
इसके उपरांत भजन-कीर्तन, आरती, पल्लव और अरदास कर प्रसाद वितरण किया गया।आयोजनकर्ताओं समिति अध्यक्ष दिलीप लालवानी व रमेश केवलानी ने जानकारी दी कि यह महोत्सव 16 जुलाई से 24 अगस्त तक मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन समाज के प्रत्येक घर जाकर नि:शुल्क श्री बहराणा साहब का आयोजन होगा।
श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर में श्री बहराणा साहब की भव्य शुरुआत
बुधवार शाम श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर परिसर स्थित गोविंदराम आलमचंद हाल में महिला समिति के सौजन्य से महोत्सव का प्रथम श्री बहराणा साहब आयोजित हुआ। मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं महिला सदस्यों ने पहले श्री झूलेलाल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन किया, तत्पश्चात श्री लाल साईं की ज्योत प्रज्वलित कर विधिवत आयोजन का शुभारंभ किया।
भजन प्रवाहक पुरुषोत्तम लखवानी, दिलीप लालवानी, सुरेश 'कान्हा' मूलचंदानी, कमल मूलचंदानी, दौलत मोटवानी व अन्य सेवादारों द्वारा पारंपरिक मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। समूचा परिसर “आयो लाल झूलेलाल – बेड़ा ही पार” और “जय झूलेलाल” के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा। अंत में समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि हेतु आरती, अख्खा, पल्लव और सामूहिक अरदास की गई। तत्पश्चात प्रसादी वितरण के साथ श्री बहराणा साहब का विश्राम हुआ।
गणमान्यजन रहे मौजूद
इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत के संरक्षक मनोहर अर्जनानी, अध्यक्ष ईश्वर आहूजा, महासचिव महेश वर्धानी, उपाध्यक्ष राजकुमार मंगनानी, कोषाध्यक्ष पुरन रामचंदानी, सचिव संतोष कोटवानी, महिला संगठन की अध्यक्षा आकांक्षा तलरेजा, महासचिव मधु केवलानी, मंदिर समिति अध्यक्ष गुरमुखदास दादवानी, महिला समिति अध्यक्षा स्नेहा तलरेजा, ISSS अध्यक्षा दिव्या लालवानी, VSSS महिला संगठन की अध्यक्षा खुशबू अठवानी, सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, कार्यकर्ता व श्रद्धालु उपस्थित रहे।