मंदसौर। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मेट्रीमोनियल वेबसाइट "जीवनसाथी डॉट कॉम" पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर शादी का झांसा देकर 2.66 लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) से गिरफ्तार किया है। आरोपी रमणिक लाल वर्मा (34), निवासी अजमेर, वर्तमान में सांवरिया कॉलोनी चित्तौड़गढ़ में रह रहा था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र भास्कर के निर्देशन में कार्रवाई की गई। फरियादी रितिक सोनी ने 19 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बहन की शादी के लिए जनवरी 2025 में एक प्रोफाइल से संपर्क हुआ। आरोपी ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बात कर फरवरी से जून तक विभिन्न बहानों से पैसे ऐंठे और बाद में संपर्क बंद कर दिया।
कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच के बाद आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसने कबूला कि वह अब तक 15 से 20 लड़कियों से ठगी कर चुका है। आरोपी की मां उषा वर्मा और जीजा कमलेश सोनी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी तलाश जारी है।
जप्त सामग्री-
3 मोबाइल फोन (1.5 लाख) और 1 डेल लैपटॉप (65 हजार), कुल कीमत 2.15 लाख।
पुलिस टीम में निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, उनि कुलदीप सिंह राठौर, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी, आरक्षक मनीष बघेल, नरेन्द्र, भानुप्रताप, शैलेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।