नीमच। शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ कथित तौर पर ससुराल पक्ष से लगातार प्रताड़ित किए जाने से तंग आकर एक युवक ने मालगाड़ी के सामने कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों ने मृतक की पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।

मंगलवार रात जमुनिया कला निवासी 38 वर्षीय सुनील पिता घीसालाल प्रजापत ने हिंगोरिया फाटक और हर्कियाखाल रेलवे स्टेशन के बीच चलती मालगाड़ी के आगे छलांग लगा दी। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। जीरन से मौके पर पहुँचे पायलट भारत कुमार भट्ट और पैरामेडिकल स्टाफ रोहित व्यास ने गंभीर रूप से घायल सुनील को जिला चिकित्सालय नीमच पहुँचाया। चिकित्सकों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। अगले दिन सुबह शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक सुनील के परिजनों ने मीडिया के सामने आकर आपबीती सुनाई।

उन्होंने बताया कि सुनील की पत्नी और उसके ससुराल वाले उसे आए दिन परेशान करते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। फिलहाल पुलिस ने इस मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि इस मामले में क्या सच्चाई सामने आती है।
