चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ मंदिर में भंडार की गिनती का चौथा राउंड बुधवार को पूरा हुआ। इस राउंड में 2 करोड़ 50 लाख रुपए की नकद राशि निकली। अब तक कुल चार राउंड में 19 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपए की गिनती हो चुकी है। पहले तीन राउंड की गिनती 22 अगस्त को हुई थी। इस राउंड में 8 करोड़ 90 लाख रुपए, दूसरा राउंड में 4 करोड़ 60 लाख रुपए, तीसरे राउंड में 3 करोड़ 86 लाख 50 हजार रुपए व चौथे राउंड में 2 करोड़ 50 लाख रुपए निकले थे।

अगला राउंड आज-
मंदिर प्रशासन के अनुसार, भंडार में अभी भी नकद राशि गिननी बाकी है। इसके साथ ही मनीऑर्डर, ऑनलाइन चढ़ावा और सोना-चांदी का तौल भी किया जाना है। अगला राउंड आज गुरुवार (28 अगस्त) को होगा।

भक्तों की आस्था का प्रतीक-
श्री सांवलिया सेठ मंदिर, मंडफिया (जिला चित्तौड़गढ़) कृष्णभक्तों की गहरी आस्था का केंद्र है। यहां भक्त बड़ी श्रद्धा से नकद, सोना, चांदी और कीमती वस्तुओं का चढ़ावा अर्पित करते हैं। खासकर व्यापारी वर्ग व्यापार में सफलता की कामना से विशेष चढ़ावा चढ़ाता है।
