इंदौर। सराफा चौपाटी को शिफ्ट करने की मांग को लेकर सराफा व्यापारी एसोसिएशन ने मोर्चा संभाल लिया है। एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि 1 सितंबर से सराफा बाजार रात 10 बजे तक खुला रहेगा, ताकि चौपाटी की भीड़ के बिना व्यापार को बढ़ावा मिल सके।
हालांकि पहले यह निर्णय गुरुवार से ही लागू करने का विचार था, लेकिन व्यापारियों और पदाधिकारियों से चर्चा के बाद इसे 1 सितंबर से लागू करने का निर्णय लिया गया। इस फैसले के समर्थन में व्यापारियों से स्वेच्छा से समर्थन फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। गुरुवार को 80 से अधिक फॉर्म ’बड़ा सराफा’ क्षेत्र से इक्ट्ठा किए गए, जबकि बाकी फॉर्म शुक्रवार को लिए जाएंगे।
समर्थन फॉर्म एकत्र कर रहे पदाधिकारी
कुछ दिन पहले एसोसिएशन ने सराफा व्यापारियों के साथ एक बैठक की थी। इसमें व्यापारियों को समर्थन फॉर्म वितरित किए गए थे, जिनमें लिखा था,
“मैं एसोसिएशन के चौपाटी मुक्त सराफा अभियान का समर्थन करता हूं। मैं बिना किसी दबाव के यह निश्चय करता हूं कि 1 सितंबर से अपनी दुकान/कॉम्प्लेक्स के बाहर किसी भी तरह की चौपाटी या अस्थायी दुकान संचालित नहीं होने दूंगा।“
इस फॉर्म में व्यापारियों को अपना नाम, फर्म का नाम, मोबाइल नंबर और दुकान की सील लगाकर फॉर्म वापस करना था। गुरुवार से पदाधिकारियों ने यह फॉर्म एकत्र करना शुरू कर दिए हैं।