मंदसौर। जिले की दलौदा पुलिस ने रविवार रात मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। भावगढ़-दलौदा रोड पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने हुंडई क्रेटा कार से 1 क्विंटल 58 किलो डोडाचूरा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 32 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एलची कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर नागौर निवासी चंद्रशेखर उर्फ शेखर विश्नोई और जोधपुर निवासी बजरंग बिश्नोई को गिरफ्तार किया। साथ ही 15 लाख की क्रेटा कार और पायलटिंग में इस्तेमाल हो रही 4 लाख की हुंडई एक्सेंट कार भी जब्त की गई।
थाना प्रभारी मनोज गर्ग ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मंदसौर के पटेला निवासी महेश पाटीदार और मुंबई के डोंबिवली-कल्याण निवासी गणपत विश्नोई फरार बताए जा रहे हैं।
एसपी विनोद कुमार मीना के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि डोडाचूरा मुंबई के डोंबिवली निवासी को पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस फरार आरोपियों और मादक पदार्थों के स्रोत की तलाश में जुटी है।