नीमच। जिले की जावद तहसील के सुवाखेड़ा गांव में 17 वर्षीय युवक गणेश यादव पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां चंचल यादव ने नीमच कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

घटना 18 मई 2025 की है, जब गणेश यादव गुजरखेड़ी सांखला में एक बारात में शामिल हुए थे। आवेदन के अनुसार बारात में नाचने को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान आकाश नायक, गब्बर नायक और करण बावरी नामक तीन युवकों ने तलवार और लाठियों से उन पर हमला कर दिया। हमले में गणेश गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर में गहरी चोटें आईं। करीब 15 दिनों तक उनका इलाज जावद के सरकारी अस्पताल में चला और अब भी उन्हें सिर की चोट के लिए एक और ऑपरेशन करवाना है।

परिवार का आरोप है कि घटना की एफआईआर नयागांव पुलिस थाने में दर्ज तो हुई, लेकिन पुलिस ने हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया। जबकि हमला जानलेवा था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि हमलावर खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर पीड़ित परिवार ने कलेक्टर से न्याय दिलाने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
