नीमच। मुख्यमंत्री और पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत जीरन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 550 किलो अवैध डोडाचूरा, एक पिकअप वाहन और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हर्कियाखाल फंटा फोरलेन हाईवे पर चेकिंग के दौरान पिकअप क्रमांक एमपी 09 केडी 6519 से 22 प्लास्टिक कट्टों में भरा 550 किलो डोडाचूरा (कीमत लगभग 11 लाख रुपये) जब्त किया गया। साथ ही पिकअप (कीमत 2 लाख रुपये) और एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत 50 हजार रुपये) भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी-
- विकास पिता राजूलाल भील (18), निवासी तुर्किया, थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर
- दिलीप पिता भारतसिंह सौधिया राजपूत (28), निवासी तुर्किया, थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर
- अजय सिंह पिता भोपाल सिंह रोधिया राजपूत (18), निवासी रणायरा, थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर
आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे डोडाचूरा कहां से लाए थे और कहां ले जा रहे थे।
पुलिस टीम का योगदान-
कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश यादव और पुलिस सहायता केंद्र हर्कियाखाल की टीम का विशेष योगदान रहा।