नीमच। रेलवे स्टेशन रोड स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी में मंगलवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात हुई। एक मुनीम की स्कूटी की डिक्की से 2 लाख रुपये चोरी हो गए। महज 15 मिनट में वारदात को अंजाम देने वाले तीनों अज्ञात बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार चुन्नीलाल चंपालाल एंड कंपनी के मुनीम मिट्ठूलाल जैन करीब 4.15 बजे एयू बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर मंडी पहुंचे थे। उन्होंने अपनी स्कूटी मंडी कार्यालय के सामने खड़ी की और पास की दुकान पर चाय पीने चले गए। इसके बाद वे मंडी कार्यालय गए। जब वे अपने ऑफिस (होली चौक, बघाना) पहुंचे और स्कूटी की डिक्की खोली, तो पैसे गायब थे।
उन्होंने तुरंत फर्म मालिक को सूचना दी और सभी वापस मंडी पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही बघाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें तीन अज्ञात बदमाश नजर आए। चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाश जिस बाइक पर आए थे, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। यह वारदात मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।