मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रेमी युगल ने परिजनों की रजामंदी न मिलने पर कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान मूंदड़ी निवासी अरुण मेघवाल और युवती की पहचान नीमच जिले के शकरग्राम निवासी पवित्रा चौहान के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शनिवार से लापता थी युवती-
जानकारी के अनुसार, पवित्रा शनिवार सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। सोमवार सुबह युवक-युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर जिंदगी खत्म करने का कदम उठाया।
परिजन शादी के खिलाफ-
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी कारण दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया।
अस्पताल में हंगामा-
घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे। इस दौरान पवित्रा का भाई शव को अस्पताल से बाहर ले जाने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने उसे रोका और झूमाझटकी के बाद शव को वापस अस्पताल लाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।