नीमच। सिटी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ईको कार से 96 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में की गई।

मंगलवार रात करीब 9 बजे थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बोरखेड़ी पानेरी और टोल टैक्स के बीच नाकाबंदी की थी। करीब 20 मिनट बाद एक सफेद ईको कार (एमपी 09 डब्ल्यूएम 2067) वहां पहुंची। नाकाबंदी देखकर चालक ने कार को पलट लिया, जिस पर पुलिस ने पीछा किया।

पिपल्या नाथावत और झालरी के बीच पुलिया से पहले चालक कार छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर कार में एक साड़ी का कट्टा और डिक्की में रखे दो काले प्लास्टिक के कट्टों से डोडाचूरा बरामद हुआ। कुल 96 किलो डोडाचूरा और ईको कार जब्त कर ली गई है।

थाना नीमच सिटी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी चालक और मादक पदार्थ के स्रोत की तलाश में जुटी है।
