मंदसौर। थाना अफजलपुर पुलिस ने एक वर्ष से लंबित अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए मृतक के बेटे को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह कनेश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

यह था मामला
दिनांक 21 सितंबर 2024 को ग्राम अर्निया गुर्जर के चौकीदार ने सूचना दी थी कि समरथ बलाई (45 वर्ष) निवासी अर्निया गुर्जर मृत अवस्था में गांव के पुराने आथमना खलिहान में पड़ा है। गले पर लिगेचर मार्क मिलने से हत्या की आशंका पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक संदेहियों से पूछताछ की और इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्य जुटाए। किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता न होने पर मृतक के परिवार पर संदेह गहराया। गवाहों ने भी घटना के दिन मृतक और उसके परिजनों के बीच विवाद की पुष्टि की।

बेटे ने किया कत्ल-
साक्ष्यों के आधार पर मृतक के पुत्र गोपाल बलाई (24 वर्ष) से सख्ती से पूछताछ की गई। पहले गुमराह करने के बाद उसने कबूल किया कि उसका पिता शराब का आदी था और आए दिन घर पर झगड़ा करता था। घटना वाले दिन भी उसने मां से मारपीट की थी। रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर गोपाल ने आथमना खलिहान में पिता का रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस टीम का योगदान
आरोपी गोपाल को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह कनेश, सउनि भैरुदास बैरागी, सउनि अजय सिंह चौहान, प्रआर धीरेन्द्र सिंह, प्रआर राकेश सोलंकी, आर अरुण शर्मा, आर चन्द्रपाल सिंह, आर कानसिंह, आर विजयसिंह, आर जितेन्द्र, आर घनश्याम पाटीदार, आर भुपेन्द्र पाटीदार एवं आर चालक मोहन खराड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
