नीमच। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्षों से मकानों का इंतजार कर रहे सैकड़ों हितग्राहियों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्होंने पूरी राशि और मासिक किस्तें जमा कर दी हैं, फिर भी उन्हें अब तक मकानों का कब्जा नहीं दिया गया।
प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती और नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हितग्राही एक ओर किराए का बोझ उठा रहे हैं और दूसरी ओर किस्तें भर रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। आक्रोशित लोगों ने “आवास दो, न्याय दो” और “नगरपालिका मुर्दाबाद” के नारे लगाए। उनका कहना था कि प्रदेश के अन्य शहरों में मकान बांटे जा चुके हैं, लेकिन नीमच में अभी तक कब्जा नहीं दिया गया।
स्थिति को देखते हुए सीएमओ दुर्गा बामनिया मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि एक माह के भीतर मकानों का कब्जा सौंप दिया जाएगा। हालांकि, लाभार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में उन्हें घर नहीं मिले, तो वे ताले तोड़कर खुद कब्जा लेंगे और कलेक्टर कार्यालय के सामने भूख हड़ताल करेंगे। इस प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि हितग्राही अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने वाले नहीं हैं।