सरवानिया महाराज। खरीफ सीजन की सोयाबीन फसल पककर तैयार है और किसान कटाई में जुटे हैं। इसी बीच गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे से शुरू हुई हल्की बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी।
पहले ही सोयाबीन की फसल रोगों और कुदरती कहर के कारण प्रभावित हुई है, जिससे उत्पादन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। अब इस बारिश से फसल की नमी बढ़ने और ऊपरी परत खराब होने की आशंका है। इससे दानों की गुणवत्ता घट जाएगी और मंडी में उचित दाम नहीं मिल पाएंगे।
किसानों का कहना है कि पहले ही यलो मोजेक, कम फलियां लगना और लगातार हुई वर्षा से फसल कमजोर हो चुकी है। अब बची-खुची फसल पर इस बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी है। ऐसे हालात में उत्पादन लागत निकलना भी मुश्किल हो गया है।
किसान सरकार से उचित मदद और राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं। फिलहाल अधिकांश कृषक अपनी फसल की कटाई और निकालने के कार्य में लगे हुए हैं।