शाजापुर। बीएसएनएल कार्यालय में शुक्रवार को कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स ने अपनी लंबित मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। मुख्य मांगों में समय पर वेतन भुगतान, वेतनमान में वृद्धि (26 हजार रुपये तक), तथा छंटनी पर रोक शामिल रही। वर्कर्स का कहना है कि समय पर वेतन न मिलने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है, वहीं छंटनी की आशंका से वे असुरक्षा की स्थिति में जी रहे हैं।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व आर.एल. निर्मल, जिला अध्यक्ष वाहिद खान, गंगाराम नसीब खान और गोपाल कुशवाह ने किया। यह आंदोलन शाजापुर सहित पूरे प्रदेश में एक साथ किया गया, ताकि सरकार और बीएसएनएल प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया जा सके।
कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स ने अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया और सरकार व प्रबंधन से शीघ्र समाधान की मांग की। अब देखना यह है कि उनकी मांगों पर कितनी गंभीरता से विचार किया जाता है।