नीमच। शहर के वार्ड नंबर 18 के निवासियों को इन दिनों मूलभूत सुविधाओं की कमी से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड में न तो सही नालियां बनी हैं और न ही सड़कें। जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भरकर रुका हुआ है, जिससे गंदगी फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बदहाल स्थिति से बच्चे और बुजुर्ग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। उनका आरोप है कि जब वे समस्याओं को लेकर वार्ड पार्षद रूपेंद्र लोक्स के पास जाते हैं, तो हर बार यह कहकर टाल दिया जाता है कि “अभी फंड पास नहीं हुआ है।
रहवासियों में इस लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर कब तक उन्हें इस बदहाली में जीना पड़ेगा और कब जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस पर संज्ञान लेकर समाधान करेंगे।