मंदसौर। पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के ग्राम सैमली निवासी एक महिला ने अपने पड़ोसी पर खेत की मेड़ को लेकर आए दिन विवाद करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सैमली निवासी पेपाबाई पति सुरेशचंद्र पाटीदार (48 वर्ष) ने थाना पिपलियामंडी में आवेदन देकर बताया कि उनके खेत के पड़ोसी ओमप्रकाश पिता बाबूलाल पाटीदार आए दिन खेत की मेड़ को लेकर विवाद करता है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि जब उन्होंने अपने खेत की मेड़ के अंदर चारे की घास रखी, तो आरोपी ने उसे उखाड़कर फेंक दिया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।
महिला का आरोप है कि आरोपी द्वारा उनके खेत में लगे आम के पेड़ भी काटे जाते हैं। इसके अलावा वह लगातार दादागीरी करता है और कहता है कि कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
शिकायत में यह भी बताया गया कि 19 सितंबर 2025 को जब महिला के पुत्र हरिओम उर्फ राहुल ने खेत में घास उखाड़ने की बात पर विरोध किया, तो आरोपी ने उसे भी धमकाया और विवाद किया। महिला ने पुलिस से आरोपी पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।