नीमच। जिले के नयागांव में महिला किसान की पैतृक जमीन हड़पने का बड़ा मामला सामने आया है। बावल निवासी दलाल अक्षय शर्मा ने बाबरी बाई की जमीन का फर्जी वसीयतनामा तैयार कर उसे अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी को बेच दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला किसान के भांजे ने दो साल बाद जमीन की ऑनलाइन नकल निकलवाई। उसमें खेत का सर्वे नंबर कंपनी के नाम दर्ज मिला। बाबरी बाई ने न तो जमीन बेची थी और न ही बेचने की अनुमति दी थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती बेटी हैं और वर्षों से इस जमीन पर खेती कर रही हैं।
जांच में सामने आया कि फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी अक्षय शर्मा है। सभी दस्तावेजों में उसके हस्ताक्षर गवाह के रूप में मिले। नयागांव नगर परिषद उपाध्यक्ष हरीश धाकड़ और बोरखेड़ी सरपंच शंभूलाल धाकड़ ने आरोपी से पूछताछ की, जिस दौरान उसने जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसे नयागांव पुलिस चौकी के हवाले कर दिया गया।
फर्जी वसीयत का आदेश 26 नवंबर 2024 को करवाया गया था। इसके बाद 21 मार्च 2025 को जमीन जावद निवासी महिला के नाम दर्ज कराई गई और 31 जुलाई 2025 को विक्रम सीमेंट फैक्ट्री को बेच दी गई। जमीन मालिक को ठगी का पता महज 4-5 दिन पहले ही चला।
19 सितंबर को दलाल को पकड़कर पुलिस को सौंपा गया और उसी दिन शिकायत भी दर्ज कराई गई। चौकी प्रभारी मंगलसिंह राठौर ने बताया कि सीमेंट कंपनी के प्रमोद रत की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि एक गिरोह लगातार जमीनों में हेरफेर कर उन्हें फैक्ट्री के नाम करा रहा है।