मंदसौर। मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बालागुड़ा में शुक्रवार को आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में डोडाचूरा तस्करी के प्रकरण में फरार चल रहे सरपंच पति प्रकाश पाटीदार उपस्थित रहे। उन्होंने भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित और जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार के साथ मंच साझा किया और तस्वीरें खिंचवाईं।
किसान नेता श्यामलाल जोकचंद्र ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सरकार का मंच तस्करों के साथ साझा करना चिंता का विषय है। वायरल तस्वीरों के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दी।
पिपलियामंडी पुलिस ने 2 जुलाई 2025 को पिकअप वाहन से 6 क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया था। इस मामले में प्रकाश पाटीदार और उमराव सिंह अभी फरार हैं। जांच फिलहाल नई आबादी थाना कर रहा है और यदि आरोपी उनके क्षेत्र में पाया गया तो गिरफ्तारी की जाएगी।