नीमच। जिले में शनिवार दोपहर से रुक-रुककर कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। दोपहर बाद शहर में अचानक आसमान पर बादलों ने डेरा डाला और झमाझम बरसात शुरू हो गई। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, नीमच जिले में इस वर्षा काल में अब तक कुल 44.5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह जिले की औसत 32.5 इंच वर्षा से 12 इंच अधिक है। वर्तमान में जिले में बारिश का दौर थमा हुआ था, लेकिन शनिवार को हुई झमाझम ने मौसम को फिर से सुहावना बना दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-दक्षिण ट्रफ एमपी से गुजर रही है। वहीं, उत्तरी-दक्षिणी हिस्से में दो चक्रवात भी एक्टिव है, लेकिन यह स्ट्रॉन्ग नहीं है। इस वजह से अगले चार दिन तक भारी बारिश का दौर नहीं रहेगा। मौसम विभाग ने भी यह चेतावनी नहीं दी है। हालांकि, लोकल सिस्टम के सक्रिय होने से कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है।