नीमच। नवरात्रि के पावन पर्व पर समूचा नीमच शहर भक्ति और उत्सव के रंग में डूबा हुआ है। शहर के गली-मोहल्लों में जगह-जगह डांडिया और गरबा उत्सव की धूम मची हुई है, जहां श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ मातारानी की आराधना में तल्लीन हैं। इसी कड़ी में मेहनोत नगर स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर का प्रांगण इन दिनों आस्था के केंद्र के रूप में उभर कर सामने आया है। यहां पर क्षेत्र की महिलाओं द्वारा रोज रात को 9.00 बजे से 10.00 बजे तक भव्य गरबा और डांडिया का आयोजन किया जा रहा है जो पूरे मोहल्ले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी महिलाएं जब सामूहिक रूप से ताल और लय के साथ गरबा खेलती हैं, तो यह दृश्य देखते ही बनता है। पूरा वातावरण माता की जयकारों और गरबा गीतों से गूंज उठता है। गरबा के पश्चात् मातारानी की भव्य आरती की जाती है और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होता है, जिससे सभी भक्तों का मन प्रफुल्लित हो उठता है। इस उत्साहपूर्ण आयोजन में ज्योति नागदा, रानू राठौर, काजल, कलावती सोलंकी, निर्मला भंडारी, तुलसी सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ प्रतिदिन बड़ी धूमधाम से भाग ले रही हैं। उनका यह सामूहिक प्रयास न केवल भक्ति का परिचायक है, बल्कि सामुदायिक सद्भाव और संस्कृति के संरक्षण का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।