नीमच। इंदौर शहर के महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में चूहों द्वारा नवजात बच्ची की उंगली कुतरने से हुई मौत की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस घटना से उपजे आक्रोश के चलते रविवार को आदिवासी संगठन जयस ने नीमच में उग्र प्रदर्शन किया।

जयस कार्यकर्ताओं ने शहर के मुख्य फव्वारा चौक को जाम कर दिया। दोनों मार्गों पर धरना देकर उन्होंने अस्पताल प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान संगठन ने मांग की कि इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार एमवाय अस्पताल के डीन और अधीक्षक पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।

संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि यह लापरवाही की पराकाष्ठा है। प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल के अति संवेदनशील एनआईसीयू में चूहों का घुसना और नवजात की मौत होना प्रशासन की नाकामी का भयावह उदाहरण है। सरकार को दोषी अधिकारियों पर तुरंत कठोरतम कार्रवाई करनी चाहिए। इस घटना और उसके विरोध में हुए आंदोलन ने प्रदेशभर में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
