नीमच। नगर की प्रमुख शैक्षणिक संस्था एसआर कॉलेज ऑफ फार्मेसी में वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में दो दिवसीय विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 24 सितंबर 2025 को महाविद्यालय परिसर में पोस्टर प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
द्वितीय दिवस 25 सितंबर 2025 को समीपस्थ ग्राम सरवानिया महाराज में फार्मेसी विभाग के स्टाफ एवं विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया तथा विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण भी किया।
महाविद्यालय के निर्देशक धर्मेश तिवारी ने विद्यार्थियों को इस अवसर पर शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का सफल नेतृत्व प्राचार्या डॉ. चेतना त्रिपाठी ने किया। वहीं, संस्था के एडमिन मोहनलाल शर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।